अतिथि अध्यापकों की रोज़गार बचाओ रैली
रोहतक, 23 मार्च (हप्र)। प्रदेशभर के अतिथि अध्यापकों ने रोहतक में रोजगार बचाओ महारैली में हुंकार भरी। उन्होंने दो टूक कहा कि वे अपनी नौकरी नहीं जाने देंगे चाहे जान क्यों न देनी पड़े। अतिथि अध्यापकों ने सरकार को अपनी मांग को पूरा करने के लिए आगामी 1 अप्रैल तक का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय मांग नहीं मानती तो 1 अप्रैल को पुन रोहतक में रैली कर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर देंगे।
अतिथि अध्यापकों ने खुद को नियमित करने की मांग को लेकर शहर में जोरदार प्रर्दशन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। संघ सदस्यों ने कहा कि प्रदेश सरकार को जल्द से जल्द नई पॉलिसी बनाकर अतिथि अध्यापकों को नियमित करना चाहिए। हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष अरुण मलिक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी दूरदर्शी सोच के चलते ही ग्रामीण पढ़े-लिखे युवाओं को बिना सिफारिश अतिथि अध्यापक के रूप में रोजगार दिया गया था। लेकिन अब छह साल से रोजगार प्राप्त हजारों अतिथि अध्यापकों का रोजगार छीना जा रहा है। यह बेहद शर्मनाक है। राजकीय विद्यालयों में एजुसैट, कंप्यूटर आदि पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं वहीं अतिथि अध्यापकों को हटाकर पात्रता परीक्षा का भय दिखाया जा रहा है। वर्ष 2005-06 में अतिथि अध्यापकों की भर्ती की गई थी। तब एक भी बीए, बीएड, एमए, जेबीटी शेष नहीं बचा था। प्रदेशाध्यक्ष अरुण मलिक ने कहा कि वर्ष 2008 के बाद पात्रता परीक्षा लागू की गई। वहीं अतिथि अध्यापकों की भर्ती के बाद प्रदेश सरकार ने दो भर्ती बिना परीक्षा के की हैं तो अतिथि अध्यापकों के लिए पात्रता परीक्षा का औचित्य नहीं रह जाता। प्रदेशाध्यक्ष अरुण मलिक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगर जल्द ही ठोस कदम उठाकर अतिथि अध्यापकों को नियमित करना चाहिए। वरना ये हजारों अतिथि अध्यापक रोहतक में डेरा डाल लेंगे।
वहीं, महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष बलजिंद्र कौर, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बिमला भिवानी, सोनिया गिल, सरस्वती लंबोरिया ने कहा कि सरकार को नई पॉलिसी बनाकर उन्हें नियमित कर देना चाहिए।
इस मौके पर वहीं, संघ के प्रधान महासचिव राजेंद्र शास्त्री, उपाध्यक्ष रणधीर सुहाग, संगठन सचिव कुलदीप झरौली, प्रदेश प्रवक्ता राजेश शर्मा, हिसार मंडल प्रभारी कप्तान आर्य, अंबाला मंडल प्रभारी शशिभूषण, रोहतक मंडल प्रभारी दलबीर दहिया, गुडग़ांव मंडल प्रभारी नरेश यादव, कोषाध्यक्ष शिवचरण, जगतार ढिल्लो ने आवाज बुलंद करते हुए कहा कि अतिथि अध्यापकों ने प्रदेश सरकार के प्रति वफादारी व ईमानदारी दिखाई है। जिसका फल प्रदेश सरकार उन्हें रोजगार से हटाकर दे रही है। अतिथि अध्यापकों के लिए यह परीक्षा की घड़ी है। इस मौके पर रोहतक से जयभगवान राठी, हिसार से ईश्वर शास्त्री, कुरूक्षेत्र से विरेंद्र गढ़ी, सोनीपत से भूपेंद्र, महेंद्रगढ़ से राजेश, पलवल से अनुज, गुडग़ांव से कृष्ण कुमार, जींद से रणधीर, फतेहाबाद से कृष्ण, पंचकुला से रामभगत, पानीपत से राजेंद्र कुंडू, कैथल से सुभाष, भिवानी से सतीश, फरीदाबाद से इनामी सिंह, मेवात से नाजिर खान व अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया !
लघु सचिवालय में की जमकर नारेबाजी
रोहतक, जासंकें : हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ ने महारैली के बाद लघु सचिवालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। अध्यापकों ने जुलूस निकालकर जमकर नारेबाजी की। वहीं, पुलिस प्रशासन किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए तैनात नजर आया।
शुक्रवार को हजारों अतिथि सेक्टर छह से जुलूस के रूप में नारे लगाते हुए शहर की ओर निकले। शीला बाईपास चौक, सोनीपत स्टैंड होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद अतिथि अध्यापक परिसर में बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष अरुण मलिक ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने जल्द से जल्द नई पॉलिसी बनाकर नियमित नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। एएसपी विकास धनखड़, डीएसपी सुमित कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी तैनात दिखे। वहीं महिला पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम पंकज यादव, तहसीलदार प्रमोद चहल आदि मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment