Guest Teacher

Saturday, January 14, 2012

पेंशन स्कीमों पर फोकस करें एएमसी : सेबी

 
Source: बिजनेस ब्यूरो   (14/01/12)
 
 
कोशिश
रिटायरमेंट एवं पेंशन की पूंजी को बाजार में लाना चाहता है सेबी
सेबी प्रमुख मानते हैं कि यह पूरी तरह कानूनी तरीके से हो सकता है
डिस्ट्रीब्यूटरों पर लगाम कसने की भी तैयारी कर रहा है नियामक
म्यूचुअल फंडों का 50 फीसदी कारोबार इन्हीं के माध्यम से होता है
लेकिन, फिलहाल सेबी का नहीं डिस्ट्रीब्यूटरों पर कोई नियंत्रण

पूंजी बाजार नियामक सिक्युरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (एएमसी) को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पेंशन से जुड़े फंड लांच करने के लिए कहा है। सेबी का मानना है कि रिटायरमेंट व पेंशन से जुड़ी पूंजी बाजार में नहीं आ रही है। ऐसी स्थिति में, इस पूंजी को बाजार में लाने के लिए एसेट मैनेजमेंट कंपनियों को खास तरह के उत्पाद तैयार करने की जरूरत है।
शुक्रवार को यहां आयोजित एक इनवेस्टमेंट कांफ्रेंस के दौरान सेबी के चेयरमैन यू.के. सिन्हा ने कहा कि रिटायरमेंट व पेंशन का पैसा बाजार में नहीं आ पा रहा है।

उन्होंने कहा कि कानूनी तौर पर यह पूरी तरह संभव है कि रिटायरमेंट की पूंजी को बाजार में निवेश किया जा सके। फिर क्यूं एएमसी पेंशन फंड लांच नहीं कर पा रही हैं। सिन्हा ने कहा कि हम बहुत कठिन समय से गुजर रहे हैं। मार्जिन, वॉल्यूम एवं ताजा पूंजी का प्रवाह लगातार कम होता जा रहा है। इस तरह की स्थिति में आप क्या करेंगे?

सिन्हा ने यह भी स्वीकार किया कि हाउसहोल्ड्स की बाजार में भागीदारी बहुत निचले स्तर पर है और इसमें सुधार की जरूरत है।
सिन्हा ने संकेत दिए कि निकट भविष्य में सेबी निवेश के अन्य माध्यमों को भी रेगुलेट करेगा।
उन्होंने कहा कि फिलहाल हम डिस्ट्रीब्यूटरों व निवेश सलाहकारों के रेगुलेशंस पर काम कर रहे हैं। म्यूचुअल फंडों का तकरीबन 50 फीसदी कारोबार डिस्ट्रीब्यूटरों के माध्यम से ही होता है। लेकिन, सेबी का इन पर कोई नियंत्रण नहीं है।

प्रारंभिक पब्लिक इश्यू (आईपीओ) की प्रक्रिया में प्रस्तावित बदलाव के बारे में चर्चा करते हुए सिन्हा ने कहा कि हम आईपीओ की समूची प्रक्रिया का रिव्यू कर रहे हैं। हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि आईपीओ में किन लोगों को भागीदारी की इजाजत होनी चाहिए और इनकी समयसीमा को किस तरीके से और कितना कम किया जा सकता है। इनसाइडर ट्रेडिंग मानकों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि अगर कोई बाजार में मैनिपुलेशन करता है तो हम उसके खिलाफ कठोर कारवाई करेंगे। ( दैनिक  भास्कर )






No comments:

Post a Comment